(Delhi) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी दिल्ली-एनसीआर में ठंड से लोगों का बुरा हाल है। लोगों ने आज सुबह की शुरुआत कंपा देने वाली ठंड और घने कोहरे के साथ की। दिल्ली रिज पर न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री पर पहुंच गया।
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत शीतलहर की चपेट में है। राजस्थान के चूरू में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगोंग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ठंड से कब मिलेगी राहत
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईएमडी ने शुक्रवार को 24 घंटे के बाद उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर में कमी और कंपकंपाती ठंड का अनुमान जताया है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में घना कोहरा भी छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद सुधार का अनुमान है।
आईएमडी का कहना है कि दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि देखी जा सकती है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में सुधार की संभावना है। खराब मौसम की वजह से दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स लेट चल रही हैं। 34 घरेलू उड़ानें देरी से चल रही हैं।